हाथीपोल बाजार में अस्थायी पुलिस चौकी, अम्बेरी में यातायात सहायता केंद्र शुरू

 हाथीपोल बाजार में अस्थायी पुलिस चौकी, अम्बेरी में यातायात सहायता केंद्र शुरू

उदयपुर शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों व पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल ने गुरुवार को हाथीपोल बाजार में अस्थायी पुलिस चौकी का शुभारंभ किया। यह चौकी फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से पन्नाधाय मार्ग, हाथीपोल में स्थापित की गई है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा, वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम श्री राजेश यादव, यातायात उप अधीक्षक श्री अशोक आंजना, थानाधिकारी हाथीपोल श्रीमती राजूदेवी राज सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एसपी गोयल ने बताया कि चौकी का उद्देश्य आमजन व पर्यटकों को त्वरित सहायता, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाना, अपराध रोकथाम तथा महिला सुरक्षा को सशक्त करना है।

इसके साथ ही अम्बेरी पुलिया के नीचे यातायात बूथ/पुलिस सहायता केंद्र का भी शुभारंभ किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आपदा या दुर्घटना की स्थिति में आमजन को तुरंत सहायता मिल सकेगी। कार्यक्रम में व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया और इस पहल का स्वागत किया।

Related post