होटल में मादक पदार्थों का अवैध भंडारण, अफीम-डोडा चूरा व नकदी जब्त


जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टीडी क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर स्थित एक होटल में किराये के कमरे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल परिसर के एक कमरे से 2 किलोग्राम अफीम, 20.300 किलोग्राम डोडा चूरा, 6 लाख 80 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा पैकिंग सामग्री जब्त की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सामग्री अवैध तस्करी के उद्देश्य से रखी गई थी।
मामले में होटल संचालक देवीलाल, निवासी डूंगला (जिला चित्तौड़गढ़) को मौके से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।









