अवैध डीज़ल भंडारण और बिक्री का भंडाफोड़, 880 लीटर डीज़ल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार


जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से डीज़ल का भंडारण कर ऊँचे दामों पर बिक्री करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 880 लीटर अवैध डीज़ल जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को एनएच-27 पर उदयपुर से पिंडवाड़ा जाने वाले मार्ग पर स्थित श्रीराम होटल, झाड़ोली में होटल की आड़ में अवैध डीज़ल बिक्री की सूचना मिली थी। डमी ग्राहक भेज कर पुलिस की कार्यवाही में होटल के पास रखे चार ड्रमों में प्रत्येक 220 लीटर के हिसाब से कुल 880 लीटर डीज़ल होना पाया गया।
पूछताछ में आरोपी लाडूराम (उम्र 50 वर्ष), निवासी सांचौर ने बताया कि वह हाईवे पर चलने वाले टैंकर चालकों से 50 रुपये प्रति लीटर की दर से डीज़ल खरीदकर 80 रुपये प्रति लीटर में ग्राहकों को बेचता था। आरोपी के पास डीज़ल के भंडारण, क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज़ नहीं पाए गए।
आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।









