भींडर में अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार


उदयपुर जिले के भींडर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम बोरतलाई में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण कारखाने का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान सात देशी बंदूकें तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोरतलाई में बिना किसी लाइसेंस अथवा वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से हथियार निर्माण किया जा रहा था। मौके से पांच एकनाल टोपीदार बंदूकें और दो अर्धनिर्मित बंदूकें बरामद की गईं। इसके साथ ही हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
इस मामले में किशनलाल, निवासी बोरतलाई मोड़, भींडर तथा उसके पुत्र हेमराज और हीरालाल को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से हथियार निर्माण कर उनके विक्रय की तैयारी कर रहे थे।
आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम 1959 की धारा 3/25 एवं 5/25 में मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।









