नेला रोड पर फिर कहर बनी तेज रफ्तार: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल

 नेला रोड पर फिर कहर बनी तेज रफ्तार: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल

शहर के नेला रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। बलीचा की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अत्यधिक गति में था और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को मोर्चरी भिजवाया और क्षतिग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि मात्र दो दिन पहले इसी नेला रोड पर हुए भीषण कार हादसे में चार युवकों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण स्थानीय लोग अब इस सड़क को “मौत का रोड” कहने लगे हैं।

जन आक्रोश और मांगें:
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नेला रोड पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है और ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना नहीं कराई जा रही। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि:

  1. नेला रोड पर स्पीड ब्रेकर और स्पीड कैमरे लगाए जाएं,
  2. भारी वाहनों की नियमित जांच हो,
  3. ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की जाए,
  4. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।

लगातार हो रहे हादसों ने नेला रोड पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन कब ठोस कदम उठाता है ताकि इस सड़क पर और जानें न जाएं।

Related post