उदयपुर में भीषण सड़क हादसा: चार युवकों की मौत, एक गंभीर घायल


सविना थाना क्षेत्र के नेला तालाब मोड़ पर कल देर रात करीब 3 बजे तीन वाहनों की आमने-सामने टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा इतना भयानक था कि कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूत्रों के अनुसार, मोहम्मद अयान का जन्मदिन मनाने के बाद उसके दोस्त देर रात लौट रहे थे। नेला तालाब मोड़ पर स्विफ्ट और वेगनआर की तेज रफ्तार भिड़ंत हुई। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतकों में मोहम्मद गुलाम (पिता: गनी मोहम्मद), अदीब कुरैशी (पिता: नादिम कुरैशी), शेर मोहम्मद (पिता: हाफिज फैय्याज), मोहम्मद अयान (पिता: मोहम्मद रहमान) शामिल है, जबकि वसीम अकबर (पिता: यूनुस) गम्भीर रूप से घायल है जिसका ईलाज एमबी हॉस्पिटल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नेला तालाब मोड़ पहले भी हादसों के लिए कुख्यात रहा है। खराब लाइटिंग, तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ को लेकर लोग प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और बेहतर सड़क सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
हादसे के बाद समाज में शोक की लहर है।









