कार के शीशे तोड़कर चोरी का प्रयास – तीन आरोपी गिरफ्तार


पीछा करने पर तालाब में कूद कर हुए थे फरार
गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के जोगी तालाब इलाके में देर रात कार के शीशे तोड़कर चोरी का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी लक्ष्मण राम पिता कमलाशंकर, निवासी जोगी तालाब ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 जनवरी 2026 की रात वह घर पर सो रहे थे। मध्यरात्रि करीब 3:30 बजे घर के बाहर तेज वाहन की आवाज सुनकर वह और उनकी पत्नी छत पर गए। उन्होंने देखा कि एक सिल्वर रंग की कार सड़क पर बार-बार चक्कर काट रही थी और उसमें सवार बदमाश सामने खड़ी कार का लॉक खोलने की कोशिश कर रहे थे।
कार का सिक्योरिटी अलार्म पर आसपास के लोग जाग गए जिस से बदमाशों ने घबराकर बीयर की बोतलें और पत्थर फेंककर हंगामा किया और घर के बाहर खड़ी कार के कांच तोड़ दिए, और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद वही कार फिर से इलाके में आई, लेकिन पुलिस वाहन देखकर भाग निकली।
इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध कार का पीछा किया। रास्ते में कार का टायर फटने पर आरोपियों ने वाहन को रुण्डेला तालाब के किनारे छोड़ दिया और बचने के लिए तालाब में कूद गए। पानी कम होने और अंधेरे का फायदा उठाकर वे तालाब के दूसरी तरफ निकलकर फरार हो गए।
पुलिस ने सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर तीनों आरोपियों ईश्वर सिंह निवासी सलूंबर, महेन्द्र सिंह निवासी सलूंबर, और संदीप कुमार निवासी झुंझुनूं को बेड़वास-प्रतापनगर क्षेत्र से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में क्या सामने आया
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय क्षेत्र में घूम रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में खड़ी कारों को देखकर उन्होंने कार चोरी करने की नीयत से लॉक खोलने का प्रयास किया। सेंसर/सायरन बजने और लोगों के जागने पर वे घबरा गए और भागते समय पत्थर व बोतलें फेंककर कार के शीशे तोड़ दिए।









