डबोक – आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार


पुलिस थाना डबोक ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी किशन सिंह पुत्र रतन सिंह, उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पुत्री जशोदा तथा पुत्र निर्भय सिंह का आटा-साटा विवाह दिसंबर 2025 में गोविन्द सिंह निवासी खेजड़ी का कुआँ (तरपाल), थाना गोगुंदा के पुत्र जितेंद्र सिंह एवं पुत्री अण्छा कुंवर के साथ किया गया था।
रिपोर्ट में बताया गया कि विवाह के बाद जशोदा के साथ उसके पति द्वारा मारपीट की जाती थी, जिसके कारण वह एक सप्ताह पूर्व अपने पीहर रेला आ गई थी। दिनांक 27 जनवरी 2026 को रात करीब 8 बजे, जशोदा का पति जितेंद्र सिंह अपने भाई पर्वत सिंह तथा दो अन्य व्यक्तियों के साथ एक बिना नंबर की सफेद कार में रेला आया। जशोदा के घर पर न मिलने पर वे किशन सिंह तथा उनके पुत्र सुरेंद्र सिंह को जबरन कार में बैठाकर गोगुंदा क्षेत्र के जंगल में ले गए।
वहाँ सुरेंद्र सिंह के साथ बेल्ट व लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे आहत होकर सुरेंद्र सिंह ने सेल्फॉस की गोलियां खा लीं। इलाज के दौरान 28 जनवरी 2026 को उनकी मृत्यु हो गई।
इस संबंध में थाना डबोक पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। आसूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए जितेंद्र सिंह पुत्र गोविन्द सिंह एवं पर्वत सिंह पुत्र गोविन्द सिंह, दोनों निवासी खेजड़ियों का गुड़ा, श्री मालियों की मादड़ी, थाना गोगुंदा, जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।








