फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का मामला, मुख्य षड्यंत्रकर्ता सहित चार आरोपी गिरफ्तार


शहर के बड़गांव थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने के मामले में पुलिस ने मुख्य षड्यंत्रकर्ता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सामने आने के बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस में दर्ज़ रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसके दिवंगत भाई और माता के नाम बड़ी क्षेत्र में लगभग 5500 वर्गफीट का भूखंड है, जिसकी देखरेख वह करती है। वर्ष 2021 में भाई की मृत्यु के बाद जब वह हाल ही में भूखंड पर पहुंची तो वहां दूसरे ताले लगे मिले। पूछताछ करने पर पता चला कि किसी व्यक्ति ने उक्त भूखंड को खरीदने का दावा किया है। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात महिला और पुरुष को पीड़िता की माता और भाई बताकर फर्जी मुक्तियारनामा तैयार किया गया और उसी आधार पर 14 फरवरी 2026 को जमीन का विक्रय पत्र तैयार कर दिया गया।
जांच के दौरान साक्ष्य एकत्र कर पुलिस ने इस प्रकरण में लोकेश , तरुण दीप सिंह , दीपक और अरविंद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।









