मांडवा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, 170 किलो गांजा व 256 किलो अफीम की खेती जब्त


उदयपुर जिले के मांडवा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 170 किलो अवैध सूखा एवं गीला गांजा तथा लगभग 256 किलो अफीम की अवैध खेती जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांडवा थाना क्षेत्र के भागा फला गांव खापा में भूरा पुत्र रावत गमेती के घर एवं खेतों पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से विभिन्न कट्टों में भरा हुआ लगभग 55 किलो सूखा गांजा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त खेतों में की गई अफीम की खेती से लगभग 256 किलो अफीम तथा अन्य खेतों से लगभग 120 किलो गीला गांजा जब्त किया गया।
इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 170 किलो अवैध गांजा तथा करीब 250 किलो से अधिक अफीम की अवैध खेती जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। इसी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध एक अन्य कार्रवाई भी जारी है, जिसमें अतिरिक्त मात्रा में अफीम व डोडा-चूरा की जब्ती की प्रक्रिया चल रही है।









