जमीन हड़पने के लिए वृद्ध के अपहरण का मामला, 24 घंटे में खुलासा; 9 आरोपी गिरफ्तार

 जमीन हड़पने के लिए वृद्ध के अपहरण का मामला, 24 घंटे में खुलासा; 9 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने की नीयत से एक वृद्ध के अपहरण के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे हलेला स्थित नारायण सेवा संस्थान के पास रहने वाले रामाराम गमेती को पानी लेने जाते समय एक कार में आए लोगों ने जबरन बैठाकर अपहरण कर लिया। इस संबंध में उनके पुत्र बंशीलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से ही जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज तैयार कर रखे थे और वृद्ध से जबरन हस्ताक्षर करवाकर जमीन अपने नाम कराने की योजना बनाई थी। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने रामाराम गमेती को सायफन चौराहा क्षेत्र में छोड़कर फरार होने का प्रयास किया।

इस मामले में पुलिस ने मुकेश गमेती, अशोक बंजारा, दीपचंद्र उर्फ दीपक उर्फ सरपंच, सुरेश गमेती, पुष्कर गमेती, विजय गमेती, प्रकाश गमेती, प्रवीण मेघवाल और दिलीप कुमार गमेती को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त दो कारेंभी जब्त की गई हैं। मामले में अन्य संदिग्धों और उपयोग में लाए गए वाहनों की तलाश जारी है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से भोले-भाले लोगों की जमीन चिन्हित कर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने जैसी धोखाधड़ी में संलिप्त रहा है।

Related post