किशोरी बालिकाओं को कराया महिला थाना एवं आईआईएम का शैक्षणिक भ्रमण

 किशोरी बालिकाओं को कराया महिला थाना एवं आईआईएम का शैक्षणिक भ्रमण

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण हेतु जिले की 60 किशोरी बालिकाओं और साथिनों को गुरुवार को आईआईएमयू, उदयपुर संस्थान का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण में गोगुंदा, गिर्वा और मावली ब्लॉक की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आईआईएम के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उदय भास्कर ने बालिकाओं को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) उदयपुर के इनक्यूबेशन सेंटर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक गैर-लाभकारी संस्था है जो उद्यमियों को उनके स्टार्टअप्स के विकास में मदद करती है। यह सेंटर नवाचार को बढ़ावा देता है और स्टार्टअप्स को कार्यालय स्थान, मार्गदर्शन, नेटवर्किंग तथा निवेशकों से संपर्क सहित विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान करता है। यह विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी के उद्यमियों को प्रेरित, सशक्त और प्रोत्साहित करना है।

आईआईएम के सहायक प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्र सिंह राणावत ने बालिकाओं को आईआईएम में प्रवेश प्रक्रिया, अकादमिक भवन, प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, कक्षाओं की प्रणाली और अध्ययन पद्धति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न पाठ्यक्रमों और शिक्षण पद्धतियों की जानकारी भी साझा की।

भ्रमण के दौरान महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी ने बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों और प्रमुख घटकों से अवगत कराया। उन्होंने बालिकाओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उनकी प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने, कड़ी मेहनत करने और असफलता से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। पूजा पाटीदार, जेंडर स्पेशलिस्ट विमला वीरवाल तथा साथिनें भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

इससे पूर्व बालिकाओं ने महिला थाना उदयपुर का भ्रमण किया, जहां उन्हें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। महिला संरक्षण एवं सलाह केंद्र की परामर्शदाता पुष्पलता और कुलाशा ने घरेलू हिंसा से संरक्षण के प्रकरणों की प्रक्रिया साझा की।

Related post