उदयपुर में पीएनबी ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह पर दिया ईमानदारी का संदेश


सतर्कता जागरूक सप्ताह वर्ष 2025 के तहत पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय उदयपुर में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस वर्ष का थीम “सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी” रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मंडल प्रमुख रीतेश कुमार पटेल की उपस्थिति में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। इसके बाद मंडल कार्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली और पारदर्शिता, ईमानदारी तथा उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


मंडल प्रमुख रीतेश पटेल ने कहा कि सतर्कता सप्ताह के दौरान सभी शाखाओं एवं कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य बैंक स्टाफ और आमजन में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है ताकि समाज में स्वच्छ और पारदर्शी वातावरण स्थापित हो सके।
इसी क्रम में ग्राहक अर्जन केंद्र, उदयपुर द्वारा आलोक स्कूल और तुलसी निकेतन आवासीय विद्यालय सेक्टर-4 में ईमानदारी और सतर्कता की शपथ दिलाई गई। सीएसी प्रमुख गिरिराज सैनी ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।


इसके अतिरिक्त गीतांजली हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल प्रमुख श्री पटेल सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल बारह यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। गुरुवार को मंडल टीम ने फतेहसागर की पाल पर प्रातःकालीन वॉकाथन के माध्यम से आमजन को सतर्कता और भ्रष्टाचार से दूर रहने का संदेश दिया।









