उदयपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर दो दिवसीय प्रदर्शनी, सरदार पटेल की प्रेरणा से गूंजा परिसर

 उदयपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर दो दिवसीय प्रदर्शनी, सरदार पटेल की प्रेरणा से गूंजा परिसर

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर की ओर से डबोक स्थित लोकमान्य तिलक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर दो दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रमुख श्रीमती ममता कुँवर और मावली विधायक श्री पुष्कर डांगी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख ममता कुँवर ने कहा कि 31 अक्टूबर को हर वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो सरदार वल्लभ भाई पटेल को समर्पित है। उन्होंने कहा कि पटेल जी ने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एकजुट किया। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति और देशभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मावली विधायक पुष्कर डांगी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल न केवल भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे, बल्कि वे “भारत के लौह पुरुष” के रूप में एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में स्थित “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” भारत की अखंडता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि भारत की असली पहचान उसकी विविधता में निहित है — अलग भाषाएं, संस्कृतियां और परिधान होने के बावजूद एक आत्मा है।

लोकमान्य तिलक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अमित दवे ने सरदार पटेल के जीवन, आदर्शों और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक कुशलता और दृढ़ नेतृत्व ने ही रियासतों का भारत संघ में विलय संभव किया और विभाजन के बाद देश को एकजुट रखा।

इस अवसर पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग, उदयपुर के अधीक्षक श्री स्वरूप सिंह ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीएसटी में हुए सुधारों से कर चोरी और फर्जी बिलिंग रोकने में मदद मिली है। नई दरों के लागू होने से रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती हुई हैं और छोटे व्यापारियों को राहत मिली है।

कार्यक्रम की शुरुआत में क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री रवि योगी ने अतिथियों का स्वागत किया और राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। इससे पूर्व विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रीय एकता दिवस पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जबकि कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दल “ईश्वरदास एंड पार्टी” ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संचालन क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री नरेश कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर श्रीमती रोमा भंसाली, श्रीमती अनीता कोठारी, महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती रेखा देवड़ा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

प्रदर्शनी के पहले दिन लोकमान्य तिलक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, माणिक्य लाल वर्मा श्रमजीवी महाविद्यालय की छात्राएं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

Related post