ग्रामीण सेवा शिविर की सफलता: वर्षों पुराना विवाद सुलझा, बिखरा परिवार फिर हुआ एक


पंचायत समिति झाड़ोल की ग्राम पंचायत जेकड़ा में गुरुवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने आपसी समझ, स्नेह और सौहार्द की एक अनोखी मिसाल पेश की। इस शिविर में न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचा, बल्कि वर्षों से चली आ रही आपसी भूमि संबंधी जटिलताएं भी सुलझ गईं, जिससे परिवारों में फिर से एकता और विश्वास का माहौल बना।
शिविर के दौरान स्थानीय निवासी शिव सिंह के पुत्र नरेंद्र सिंह और भोपाल सिंह को आपसी सहमति के साथ उनकी आवासीय भूमि का पुश्तैनी पट्टा प्रदान किया गया। इस पहल से परिवार का पुराना विवाद समाप्त हुआ और रिश्तों में पुनः सौहार्द स्थापित हुआ। इसी प्रकार प्रताप सिंह ने भी अपने पुत्र हरि सिंह के प्रति सहमति दर्शाते हुए स्वयं आवासीय भूमि का पुश्तैनी पट्टा प्राप्त किया और अपने पुत्र को भी उसका वैध अधिकार दिलाने में सहयोग किया।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने इस शिविर को सरकार की सच्ची जनसेवा की भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन न केवल योजनाओं का लाभ दे रहा है, बल्कि पुराने विवादों को सुलझाकर समाज में आपसी प्रेम और एकता को भी सशक्त बना रहा है।









