RAJCSICON 2026 के पहले दिन आधुनिक हृदय चिकित्सा एवं जटिल एंजियोप्लास्टी तकनीकों पर विशेषज्ञों का मंथन

 RAJCSICON 2026 के पहले दिन आधुनिक हृदय चिकित्सा एवं जटिल एंजियोप्लास्टी तकनीकों पर विशेषज्ञों का मंथन
  • हार्ट फेल्योर, स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन और कैथ लैब की जटिल परिस्थितियों के प्रबंधन पर विशेष वैज्ञानिक सत्र

कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI) के राजस्थान स्टेट चैप्टर की चौथी वार्षिक कॉन्फ्रेंस RAJCSICON 2026 का आज होलीमोंट रिसॉर्ट, उदयपुर में शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन देशभर से आए हृदय रोग विशेषज्ञों ने हृदय रोगों के आधुनिक उपचार, नवीनतम इंटरवेंशनल तकनीकों और जटिल हृदय रोगों के प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक विचार-विमर्श किया।

सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. अमित खंडेलवाल ने बताया कि पहले दिन के वैज्ञानिक कार्यक्रम में हार्ट फेल्योर के आधुनिक उपचार, हृदय की विद्युत संबंधी बीमारियों, जटिल कोरोनरी एंजियोप्लास्टी, स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन तथा आधुनिक कार्डियक डिवाइस थेरेपी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया।

वैज्ञानिक सत्रों में विशेष रूप से हार्ट फेल्योर के उपचार में नई दवाओं एवं आधुनिक पेसिंग तकनीकों, हृदय की धमनियों में कैल्शियम जमा होने की जटिल समस्या, हृदय की वाल्व संबंधी बीमारियों तथा अत्याधुनिक कैथेटर आधारित उपचार पद्धतियों पर चर्चा की गई।

सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन एवं जटिल कोरोनरी इंटरवेंशन पर विशेष वर्कशॉप शामिल रही। इनमें बिना ओपन हार्ट सर्जरी के कैथेटर आधारित तकनीकों से हृदय के वाल्व संबंधी रोगों के उपचार, जटिल कोरोनरी ब्लॉकेज तथा आधुनिक एंजियोप्लास्टी उपकरणों के उपयोग से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।

पहले दिन के कार्यक्रम में “Cath Lab Crises – When Things Go Wrong” विषय पर विशेष सत्र भी रखा गया, जिसमें एंजियोप्लास्टी एवं अन्य कार्डियक इंटरवेंशन के दौरान उत्पन्न होने वाली गंभीर जटिलताओं, उनकी रोकथाम तथा आपातकालीन प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों पर चर्चा शामिल है। इसके अतिरिक्त *Heart Team Arena*के अंतर्गत जटिल हृदय रोगियों में विभिन्न उपचार विकल्पों के चयन पर विशेषज्ञों के बीच केस आधारित विचार-विमर्श निर्धारित है।

सम्मेलन में ईसीजी क्विज, चुनौतीपूर्ण क्लिनिकल केस, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा इंटरैक्टिव पैनल डिस्कशन के माध्यम से युवा कार्डियोलॉजिस्ट को भी नवीनतम चिकित्सा ज्ञान एवं अनुभवी विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिला।

डॉ. अमित खंडेलवाल ने कहा,आज कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में ऐसी अनेक आधुनिक तकनीकें उपलब्ध हैं, जिनसे जटिल हृदय रोगों का उपचार पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और सुरक्षित तरीके से किया जा सकता है। विशेष रूप से जटिल एंजियोप्लास्टी, स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन और कैथ लैब में उत्पन्न होने वाली आपातकालीन परिस्थितियों का बेहतर प्रबंधन रोगियों के उपचार परिणामों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस सम्मेलन का उद्देश्य नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी और विशेषज्ञों के अनुभव को साझा करना है।”

सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक सेठ एवं डॉ. टी. एस. क्लेर के विशेष व्याख्यान भी पहले दिन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं। कार्यक्रम में हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ विशेषज्ञों के सम्मान हेतु लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड समारोह भी निर्धारित है।

इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन डॉ. कपिल भार्गव (आयोजन अध्यक्ष) एवं डॉ. अमित खंडेलवाल (आयोजन सचिव) के नेतृत्व में किया जा रहा है। सम्मेलन के दूसरे दिन, 15 नवंबर को आधुनिक कोरोनरी इंटरवेंशन, कार्डियक इमेजिंग, जन्मजात हृदय रोग, प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी तथा चुनौतीपूर्ण क्लिनिकल केस एवं शोध पत्र प्रस्तुतियों पर विशेष वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Related post