केंद्रीय कारागृह में मनाया गया अपराधी सुधार दिवस


उदयपुर, 3 अक्टूबर। समाज कल्याण सप्ताह के अंतर्गत केंद्रीय कारागृह उदयपुर एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘‘अपराधी सुधार दिवस’’ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं एडीजे कुलदीप शर्मा रहे।
इस अवसर पर बंदियों के लिए वॉलीबॉल, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जेल अधीक्षक राजपाल सिंह ने बंदी सुधार हेतु कारागृह में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि कुलदीप शर्मा ने बंदियों को अपराध से दूर रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया तथा उन्हें विधिक जानकारी भी प्रदान की।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती आरूषि जैन ने बंदियों को पालनहार योजना एवं मुख्यमंत्री हुनर विकास योजना के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कारागृह से आईटीआई करने वाले 15 बंदियों को डिप्लोमा प्रमाणपत्र तथा आरएसएलडीसी के माध्यम से सिलाई कार्य का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 19 बंदियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताओं में विजयी बंदियों को नारायण सेवा संस्थान और आरोग्य सेवा संस्थान नशा मुक्ति केंद्र, उदयपुर की ओर से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में जेल उपाधीक्षक मोहन मीणा, प्रशिक्षु उपाधीक्षक परेश कुमार, धर्मपाल डूडी, अचलाराम भाटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरज परमार ने बंदियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन पर बंदियों ने ‘‘ए री सखी मंगल गाओ री’’ गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।









