सीधे सेमीफाइनल में: उदयपुर वॉलीबॉल टीम का शानदार प्रदर्शन

 सीधे सेमीफाइनल में: उदयपुर वॉलीबॉल टीम का शानदार प्रदर्शन

उदयपुर, 3 अक्टूबर। बांदीकुई, दौसा में चल रही 19 वर्ष छात्रा वर्ग की 69वीं राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उदयपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

टीम कोच बलवंत चौधरी ने बताया कि क्वार्टर फाइनल (सुपर-8) के लीग मुकाबलों में उदयपुर ने राजसमंद को 3-0, हनुमानगढ़ को 3-0 और डीडवाना कुचामन को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। टीम ने सभी मैच एक भी सेट गंवाए बिना अपने नाम किए।

चौधरी ने बताया कि सैटर जिनांशी की सूझबूझ भरी लिफ्टिंग पर अटैकर लविशा डांगी और आराध्या जाट ने शानदार स्मैशिंग की। भूमि कोठारी की सटीक ब्लॉकिंग, लिब्रो खुशबु शर्मा के बेहतरीन डिफेंस और यूनिवर्सल खिलाड़ी कंचन व सलोनी के उत्कृष्ट खेल के दम पर टीम ने तीनों मुकाबलों में दबदबा बनाए रखा।

टीम प्रभारी की ललिता डांगी, सह प्रभारी पूजा पंवार और सलोनी यादव ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबला उदयपुर टीम का बीकानेर और चूरू के बीच विजेता रहने वाली टीम से होगा।

उदयपुर टीम के सेमीफाइनल में प्रवेश पर जिले के वॉलीबॉल प्रेमियों और शिक्षा अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Related post