आवास के सपनों को मिली जमीन – यूडीए की तीन आवासीय योजनाओं के 1109 भूखंडों की ई-लॉटरी संपन्न


राज्य सरकार की “हमारा प्रयास, सबको आवास” संकल्पना को साकार करते हुए उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में अहम कदम उठाया है। यूडीए की तीन आवासीय योजनाओं के कुल 1109 भूखंडों का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से गुरुवार को किया गया। यह लॉटरी नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री झाबरसिंह खर्रा के मुख्य आतिथ्य में दक्षिण विस्तार स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित की गई।
यह आयोजन राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने तथा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रहा। अत्याधुनिक एल्गोरिदम आधारित सॉफ्टवेयर से पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न इस ऑनलाइन प्रक्रिया ने सैकड़ों परिवारों के आवास के सपनों को जमीन दी।
इन योजनाओं के लिए हुई ई-लॉटरी
यूडीए आयुक्त राहुल जैन एवं सचिव हेमेंद्र नागर ने बताया कि ई-लॉटरी का आयोजन
- साउथ एक्सटेंशन सेक्टर-ए (सवीना खेड़ा)
- उद्यम विहार (कलड़वास)
- नांदेश्वर एनक्लेव (नोहरा)
के लिए किया गया।
इन योजनाओं के लिए 7 अक्टूबर से 17 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
43,361 आवेदन, 1109 को मिला भूखंड
तीनों योजनाओं के लिए कुल 43,361 आवेदन प्राप्त हुए।
- साउथ एक्सटेंशन: 550 भूखंडों के लिए 28,079 आवेदन
- उद्यम विहार: 311 भूखंडों के लिए 9,530 आवेदन
- नांदेश्वर एनक्लेव: 248 भूखंडों के लिए 5,752 आवेदन
ई-लॉटरी सुशासन का श्रेष्ठ उदाहरण: मंत्री खर्रा
मुख्य अतिथि मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने कहा कि लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, स्वचालित और मानवीय हस्तक्षेप से मुक्त रही। एल्गोरिदम आधारित सॉफ्टवेयर के जरिए सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर मिला। उन्होंने इसे सुशासन का श्रेष्ठ उदाहरण बताते हुए सफल आवंटियों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी नई आवासीय योजनाएं लाने का भरोसा दिलाया।
आवेदकों की सहभागिता से तय हुआ एल्गोरिदम
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक श्रेणी (ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी) और उपश्रेणी के लिए चार अंकों का एल्गोरिदम तय किया गया। यह अंक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद आवेदकों से ही प्राप्त किए गए, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता और मजबूत हुई। बड़ी स्क्रीन पर पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण किया गया तथा आवंटन सूची सूचना पट्ट पर चस्पा और यूडीए वेबसाइट पर अपलोड की गई।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, पूर्व विधायक वंदना मीणा, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, यूडीए के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे।








