उदयपुर में यू डी टैक्स वसूली पर सख्ती: 6 व्यावसायिक संपत्तियां सीज, दो ने दोपहर तक जमा कराया कर

 उदयपुर में यू डी टैक्स वसूली पर सख्ती: 6 व्यावसायिक संपत्तियां सीज, दो ने दोपहर तक जमा कराया कर

नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली को लेकर नगर निगम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के चार अलग-अलग क्षेत्रों में छह व्यावसायिक संपत्तियों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर की गई। हालांकि, कार्रवाई के बाद दो प्रतिष्ठानों ने दोपहर तक बकाया कर जमा करा दिया, जिसके बाद उनकी संपत्तियां खोल दी गईं।

नगर निगम राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि लंबे समय से कर बकाया रहने के कारण यह कदम उठाया गया। सीज की गई संपत्तियों में शामिल हैं—

  • चरक मार्ग, अम्बामाता स्थित टखमन 28 आर्ट सेंटर (बकाया: ₹24,44,282)
  • नीमच खेड़ा ट्रेजर टाउन स्थित LTV 007 (बकाया: ₹57,08,866)
  • राडा जी चौराहा, अम्बामाता स्थित वैदेही फूड प्लाजा (बकाया: ₹4,31,999)
  • बी.एन. कॉलेज के सामने चंद्रा मोटर्स (बकाया: ₹3,44,099)
  • सिद्धि विनायक पार्क, हिरण मगरी स्थित अखिलेश सुहालका की संपत्ति (बकाया: ₹1,58,393)
  • टाउन हॉल के सामने उदयपुर ग्रेट स्टेन शॉप (बकाया: ₹6,06,772)

आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि संबंधित फर्मों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद राजस्थान नगरपालिका अधिनियम-2009 के तहत संपत्तियों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

दो संपत्तियां खुलीं
सीज के बाद ग्रेट स्टेन शॉप और सिद्धि विनायक पार्क स्थित संपत्ति के मालिक ने दोपहर तक बकाया कर जमा करा दिया, जिसके बाद उन्हें खोल दिया गया।

आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
आयुक्त खन्ना ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन प्रतिष्ठानों को नोटिस मिल चुके हैं, वे शीघ्र कर जमा करें, अन्यथा उनकी संपत्तियां सीज की जाएंगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित मालिक की होगी।

31 मार्च तक कर छूट का लाभ
निगम आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि राज्य सरकार द्वारा दी गई गृह कर एवं यूडी टैक्स की छूट का लाभ 31 मार्च तक अवश्य लें। उन्होंने कहा कि यह अंतिम अवसर है, इसके बाद हर हाल में वसूली की जाएगी।

Related post