यूडीए की बड़ी कार्रवाई: अवैध निर्माण पर बड़ी गांव स्तिथ ‘लेक माउंट’ होटल सील, विरोध के बीच प्रशासन सख्त


उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने शहर के निकटवर्ती बड़ी गांव में अवैध निर्माण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए ‘द लेक माउंट’ होटल को पूरी तरह सील कर दिया। आयुक्त राहुल जैन के सख्त रुख के चलते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जांच में सामने आया कि होटल संचालक दुर्गेश सुथार ने सभी नियमों और आवश्यक तकनीकी स्वीकृतियों को नजरअंदाज करते हुए जी-प्लस-4 बहुमंजिला इमारत का निर्माण कर लिया था। प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी नोटिसों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिसके चलते होटल को सीज करने की कार्रवाई की गई।
हालांकि, यह कार्रवाई बिना विरोध के पूरी नहीं हो सकी। जब यूडीए की टीम मौके पर पहुंची, तो बड़ी गांव के प्रशासक मदन पंडित के नेतृत्व में तीव्र विरोध किया गया। समर्थकों के हंगामे और तल्ख तेवरों के कारण मौके पर घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिससे सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
प्राधिकरण ने इस अवरोध को गंभीर मानते हुए होटल संचालक दुर्गेश सुथार के विरुद्ध राजकार्य में बाधा डालने का आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया है। उल्लेखनीय है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने के बावजूद प्रशासक मदन पंडित के खिलाफ फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, जिसे लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं जारी हैं।
काफी प्रयासों और पुलिस बल के सहयोग से अंततः होटल को सीज करने की प्रक्रिया पूरी की गई। आयुक्त राहुल जैन की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि उदयपुर में अवैध निर्माण और प्रशासनिक कार्यों में हस्तक्षेप किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








