बाराबंकी के लिए कल रवाना होगा वरिष्ठ चिकित्सकों का दल


विगत 42 वर्षों से स्वामी श्री रामदास जी के पावन स्मृति एवं संत श्री रामज्ञानदास महाराज की प्रेरणा से जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा जरूरतमंदों की निःशुल्क सेवा का संकल्प लगातार जारी है।
प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी निःशुल्क चिकित्सा कार्य करने वाला सौ से अधिक सदस्यों का चिकित्सा दल उत्तरप्रदेश के बाराबंकी के हंडियाकोल जंगल स्थित श्रीराम वन कुटीर आश्रम के लिए गुरूवार को प्रातः साढ़े 8 बजे बीएन कॉलेज प्रांगण से रवाना होगा।
चिकित्सा दल प्रभारी और ख्यातनाम चिकित्सक डॉ. जे.के. छापरवाल ने बताया कि सेवा के पुनीत कार्य के लिए जाने वाले इस दल में 40 चिकित्सक, 60 नर्सिंग स्टाफ, 10 वैद्य, 5 तकनीशियन सहित वार्ड बॉय, आया व समाजसेवी शामिल हैं। यह दल बसों द्वारा शिविर स्थल के लिए रवाना होगा, वहीं दल के कुछ अन्य सदस्य सांयकाल ट्रेन से रवाना होंगे।
उन्होने बताया कि कोलकत्ता, अहमदाबाद, भिवानी, दिल्ली, जयपुर, लखनऊ व हरियाणा के चिकित्सक भी इस शिविर में भाग लेंगे। विगत 42 वर्षों में मोतियाबिंद, हर्निया, हाइड्रोसिस, बवासीर, गर्भाश्य अन्य में ट्यूमर आदि के कई ऑपरेशन हो चुके है।
श्रीराम वन कुटीर आश्रम में पश्चिमी उत्तरप्रदेश के बाराबंकी, लखनऊ, सीतापुर, पीलीभीत, फैजाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, अमेठी, रायबरेली व समीपवर्ती राज्य बिहार के विभिन्न जिलों सहित 500 किमी परिधि क्षेत्र से रोगी उपचार हेतु आते है।









