अब राजस्थान के मरीज़ करवा सकेंगे गुजरात में भी आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज


सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लिखा था पत्र
15 दिसंबर से राजस्थान वासियों को मिल पाएगा योजना का लाभ
राजस्थान के मरीजों को अब गुजरात के अस्पतालों में भी निःशुल्क कैशलेस उपचार का लाभ मिलेगा। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत की पहल पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस महत्वपूर्ण मुद्दे का समाधान किया। इससे राजस्थान के हजारों आयुष्मान कार्ड धारकों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें वर्षों से गुजरात में इलाज के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
अब गुजरात के मान्यता प्राप्त अस्पतालों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध होगा। यह फैसला विशेष रूप से कैंसर, किडनी, हृदय जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
राज्य सरकार द्वारा ‘आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी’ लागू करने का निर्णय लिया गया है। 15 दिसंबर 2025 से राजस्थान के लाभार्थी देशभर में कहीं भी आयुष्मान कार्ड से कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकेंगे।
सांसद रावत ने बताया कि उन्हें लोकसभा क्षेत्र के कई लोगों से परिवाद प्राप्त हुए थे जिनमें अवगत कराया गया था कि राजस्थान के आयुष्मान कार्ड धारकों को गुजरात में निःशुल्क इलाज नहीं मिल पा रहा है। दक्षिण राजस्थान के अधिकांश लोग चिकित्सा के लिए गुजरात जाते हैं, लेकिन वहां योजना के तहत उपचार नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती थी। सांसद के पत्र पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता से कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप यह सुविधा अब राजस्थान वासियों को उपलब्ध हो सकेगी।









