सुशासन दिवस मनाया गया, मुख्यमंत्री ने दिलाई वर्चुअल शपथ


भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिलेभर में सुशासन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सभी राजकीय कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुशासन की शपथ ली।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलक्टर नमित मेहता की उपस्थिति में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलक्टर द्वारा स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से सुशासन की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट में उपस्थित अधिकारियों ने भी शपथ का दोहरान किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुशासन के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विभागीय कार्यालयों में भी शपथ
खान एवं भूविज्ञान विभाग, उदयपुर में अतिरिक्त निदेशक (भू-विज्ञान) गोपाला राम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक सांख्यिकी ज्योति मेहता, राजकुमार गहलोत सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
इसी क्रम में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, जोगी तालाब में प्रधानाचार्य सी.एस. टाक ने समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई।




