त्रिशला जागृति मंच द्वारा महिला जागरूकता शिविर का सफल आयोजन


त्रिशला जागृति मंच की ओर से महिलाओं के लिए एक विशेष “महिला अवेयरनेस शिविर एवं कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया। मंच अध्यक्ष डॉ. किरण जैन ने बताया कि इस कार्यशाला में दुल्हन ब्यूटी पार्लर की संचालिका श्रीमती चन्दा औदिच्य ने उपस्थित सभी महिलाओं को सौन्दर्य, स्वास्थ्य एवं आत्म-देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
श्रीमती औदिच्य ने बताया कि बाजार में बिकने वाले अधिकांश कॉस्मेटिक उत्पादों में रासायनिक तत्व पाए जाते हैं, जो दीर्घकाल में त्वचा और बालों को नुकसान पहुँचा सकते हैं। इनसे बचने और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए घरेलू नुस्खे और आयुर्वेदिक उपचार सबसे उत्तम एवं सुरक्षित उपाय हैं।
उन्होंने कहा कि बाल झड़ने की समस्या से बचने के लिए आंवला, भृंगराज, नारियल तेल और मेथीदाने का उपयोग लाभदायक है। त्वचा को मुलायम और स्वस्थ बनाए रखने के लिए गुलाब जल, नींबू रस और हल्दी के मिश्रण से चेहरे में निखार लाया जा सकता है। नीम और तुलसी फेसपैक त्वचा के दाग-धब्बों को दूर करता है तथा मुहांसों से बचाव करता है। अधिक पानी पीना, हरी सब्जियाँ और मौसमी फलों का सेवन करना भी सौन्दर्य का मूल मंत्र है।
मंच अध्यक्ष डॉ. किरण जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को यह समझाना था कि वास्तविक सौन्दर्य केवल बाहरी सजावट में नहीं, बल्कि स्वस्थ त्वचा, मजबूत बालों और संतुलित जीवनशैली में निहित है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौन्दर्य सदैव स्थायी होता है, जबकि रासायनिक सौन्दर्य क्षणिक होता है। अतः महिलाओं को चाहिए कि वे अपने दैनिक जीवन में घरेलू नुस्खों को अपनाकर स्वाभाविक सुंदरता को निखारें।
डॉ. जैन ने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को आगे बढ़ाएँ और “स्वस्थ महिला, सुंदर समाज” के उद्देश्य को साकार करें। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सक्रिय रूप से सहभागिता की और अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मंच महामंत्री पूनम जैन ने बताया कि मंच की ओर से प्रत्येक प्रतिभागी को प्राकृतिक हर्बल किट भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ खुशबू सिंघवी और विशाखा जैन द्वारा मंगलाचरण से हुआ। संचालन मंच महामंत्री पूनम जैन ने किया तथा आभार कार्यक्रम संयोजक मधु भोरावत ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंच अध्यक्ष डॉ. किरण जैन, महामंत्री पूनम जैन, कार्यक्रम संयोजक मधु भोरावत, कोषाध्यक्ष ललिता अखावत, डोली जैन, तमन्ना संगावत, विशाखा जैन, संगीता मेहता, खुशबू सिंघवी, हेमलता संगावत, आशा संगावत, मीनाक्षी दामावत, शिल्पा संगावत, प्रमिला भदावत, अनिता पंचोली, सेजल संगावत, सुनिता संगावत, बबिता संगावत, भारती भोरावत, मंजु टीमरवा, सरोज संगावत सहित बड़ी संख्या में मंच पदाधिकारी उपस्थित थीं।









