सीपीएस में हर्षोल्लास से मनाई गई गुरु नानक जयंती


शहर के न्यू भूपालपुरा क्षेत्र स्थित सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरु नानक देव जी का प्रकाश उत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री गुरु अर्जन दरबार (सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारा) से ज्ञानी जी श्री दिलजीत सिंह जी को आमंत्रित किया गया।
विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती अलका शर्मा के अनुसार, गुरु नानक देव जी ने सभी धर्मों के लोगों को एक सूत्र में बाँधने का कार्य किया था। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए सी.पी.एस. विद्यालय भी उनके दिखाए सन्मार्ग पर चलने का प्रयास करता है और सभी धर्मों से संबंधित त्यौहारों को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाता है।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानी जी श्री दिलजीत सिंह जी ने विद्यालय के सभी छात्रों, शिक्षकों और प्रबंधन सदस्यों के सफल एवं सुखी जीवन के लिए ‘आनंद साहिब’ का पाठ किया और पवित्र अरदास के बाद सभी को कड़ा प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती अलका शर्मा, प्रशासकीय निदेशक श्री अनिल शर्मा, निदेशक डॉ. दीपक शर्मा, संयुक्त निदेशक श्री विक्रमजीत सिंह शेखावत, प्राचार्या श्रीमती पूनम राठौड़, प्रशासक श्री सुनील बाबेल, तथा प्रधानाध्यापिका श्रीमती कृष्णा शक्तावत सहित सभी अध्यापकगण उपस्थित थे।









