आदि धरोहर चित्र वॉल को देख अभिभूत हुए राहगीर

 आदि धरोहर चित्र वॉल को देख अभिभूत हुए राहगीर

टीआरआई परिसर दीवार पर उकेरे चित्र वॉल का जनजाति मंत्री ने किया उद्घाटन

जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़े के तहत जनता को जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से अवगत कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को टीआरआई परिसर की दीवार पर विशेष रूप से तैयार की गई आदि धरोहर चित्र वॉल ने अशोक नगर मुख्य मार्ग से गुजरने वाले शहरवासियों के साथ-साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी जनजातीय जीवन, संस्कृति एवं परंपराओं से रूबरू कराया।

आदि चित्र प्रदर्शनी वॉल का उद्घाटन जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने किया। इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, एडीएम दीपेंद्र सिंह, टीआरआई निदेशक ओ.पी. जैन, टीएडी उपायुक्त निरमा विश्नोई सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में विविध आयोजन हो रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा 1 नवंबर से 15 नवंबर तक विशेष पखवाड़ा आयोजित किया गया है। इसके अंतर्गत जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग और टीआरआई द्वारा एक अनूठी पहल के तहत आदि धरोहर चित्र वॉल तैयार करवाई गई है।

Related post