पिछोला लबालब होने से स्वरूपसागर पर चली चादर, फतहसागर तीन इंच खाली

 पिछोला लबालब होने से स्वरूपसागर पर चली चादर, फतहसागर तीन इंच खाली
  • 13 फ़ीट के बाद तीन से चार इंच और आवक होगी तो ही फतहसागर पर चलेगी चादर
  • सीसारमा व चिकलवास फीडर साढे तीन-तीन फ़ीट बह रही
  • धूप व बादलों से अधिकतम तापमान में चार डिग्री की वृद्घि

उदयपुर, 21 नवम्बर। झीलों के शहर के इतिहास में पहली बार नवम्बर माह में पीछोला झील का जलस्तर 11 फ़ीट होने के बाद रविवार सुबह स्वरूपसागर की पाल पर चादर चलने लगी। इसकी रपट पर बहती जलराशि आयड नदी में होकर उदयसागर में समाहित हो रही है।

इधर, शहर में आज खिली धूप दिखाई दी। बादल छाए रहने दिन व रात के तापमान में बढोतरी हुई है। दिन में चार डिग्री से अधिक व रात के तापमान में हल्की बढोतरी हुई।लेकसिटी में मावठ की बारिश थम गई और आज सुबह से खिली धूप दिखाई दी लेकिन चारों ओर बादलों ने सर्दी का अहसास कम कराया।

हालांकि बादल हटते ही ठंड का प्रकोप बढ जाएगा। सीसारमा नदी साढे तीन फ़ीट वेग से बह रही है जिससे आज सुबह पीछोला झील का जलस्तर 11 फ़ीट क्षमता को पार कर गया और इसके लबालब होने से स्वरूपसागर पर चादर चलने लगी। मानसून की बारिश में भी स्वरूपसागर की रपट पर इतना पानी नहीं बहा जितना नवम्बर की इस मावठ की बारिश से तेजी से रपट पर पानी प्रवाहित हो रहा है।

स्वरूपसागर पर तीन इंच की चादर चल रही और आयड में प्रवाह के साथ यह पानी उदसयागर पहुंच रहा है। उदयसागर में लगातार आवक को देखते हुए आज इसके दोनों गेट और बढाकर 6 फ़ीट कर दिए गए। इधर, फ़तहसागर झील भी अब छलकने की ओर बढ रही है। बीते 24 घंटों में झील में 4 इंच की आवक हुई है। इसका जलस्तर 12 फ़ीट 9 इंच हो गया है। अब यह तीन इंच खाली है।

चिकलवास हेड साढे तीन फ़ीट बहकर मदार नहर के जरिए इसका पानी फ़तहसागर में आ रहा है।

अधिशाषी अभियंता सिंचाई विभाग कैलाश जैन ने बताया कि झील का जलस्तर 13 फ़ीट और इसके 3 से चार इंच होने के बाद यदि आवक रही तो इसके गेट खोलकर इस पर चादर चलाई जाएगी।सहायक अभियंता जल संसाधन विभाग उपखंड (गिर्वा) जीवनराम मीणा ने बताया कि आज जिले में कहीं बारिश के समाचार नहीं मिले है।

वहीं जिले का ढूंढियां तालाब 2 इंच ओवरफ्लो हो गया है। स्वरूपसागर पर चादर चल रही है। मदार बड़ा व छोटा तालाब पर एक-एक इंच की चादर चल रही है और इसका पानी मदार नहर के जरिए फ़तहसागर में आ रहा है।

मौसम विभाग डबोक से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान जो 22.2 डिग्री था इसमें चार डिग्री की बढोतरी हुई है वहीं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री से .2 मामूली वृद्घि हुई। दो दिनों में अधिकतम तापमान में सात डिग्री से अधिक बढोतरी हुई।

report by Latif Lakecity

Related post