उदयपुर में बैंकों की ‘सोई हुई पूंजी’ को जगाने निकला आरबीआई अभियान

 उदयपुर में बैंकों की ‘सोई हुई पूंजी’ को जगाने निकला आरबीआई अभियान

अनक्लेम्ड डिपॉजिट दावों के लिए 1 नवम्बर को उदयपुर में विशेष शिविर
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा करेंगे आमजन को जागर

जिले में लंबे समय से 2 लाख 86 हजार 243 बैंक खातों में कुल 101.47 करोड़ रुपये ऐसे हैं, जिनके असली वारिस अब तक सामने नहीं आए हैं। इन रकमों को बैंकिंग भाषा में अनक्लेम्ड डिपॉजिट या अदावाकृत जमा कहा जाता है।

इन अदावाकृत जमाओं को उनके सही हकदारों तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारत सरकार के निर्देश पर भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) द्वारा “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में उदयपुर में 1 नवम्बर, शनिवार को सुबह 10 बजे से भुवाणा स्थित सोलिटेयर रिसॉर्ट (100 फीट रोड, ओपेरा गार्डन के सामने, शोभागपुरा) में एक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर की अध्यक्षता आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा करेंगे और आमजन को वित्तीय जागरूकता के लिए प्रेरित करेंगे।

शिविर में एसबीआई सहित सभी प्रमुख बैंकों, सेबी, बीमा कंपनियों और पेंशन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

अग्रणी जिला प्रबंधक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अक्सर जागरूकता की कमी या आकस्मिक घटनाओं के कारण कई लोग अपने जीवनकाल में बैंक खातों या संपत्तियों का वारिस घोषित नहीं कर पाते। उनकी मृत्यु के बाद ये जमा धनराशि बैंकों में निष्क्रिय पड़ी रह जाती है। इन्हें सही वारिसों तक पहुंचाने के लिए आरबीआई ने यह अभियान शुरू किया है।

शिविर में अनक्लेम्ड जमा, बीमा दावे, डिविडेंड, शेयर और म्यूचुअल फंड जैसे मामलों की जानकारी दी जाएगी और दावे की प्रक्रिया में सहायता भी प्रदान की जाएगी।


घर बैठे जानें — किस बैंक में है लावारिस जमा राशि

अग्रणी जिला प्रबंधक गुप्ता ने बताया कि कोई भी नागरिक अब घर बैठे आरबीआई के “UDGAM” (Unclaimed Deposits – Gateway to Access Information) पोर्टल की सहायता से यह पता कर सकता है कि किस बैंक में उसके नाम पर कोई अदावाकृत जमा है।

इस पोर्टल पर अपने या परिवार के किसी सदस्य के नाम से भी खोज की जा सकती है। इसके लिए —

  1. सबसे पहले यूडीजीएएम पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  2. यदि आप पहली बार उपयोग कर रहे हैं, तो मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण करें।
  3. पहले से पंजीकृत हैं तो लॉगिन करें।
  4. इसके बाद खाताधारक का नाम, पैन नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी या जन्म तिथि दर्ज करें।

इस पोर्टल से 30 बैंकों में मौजूद अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित बैंक की वेबसाइट या शाखा से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज (पहचान प्रमाण, पते का प्रमाण, जमा का प्रमाण आदि) जमा कर दावा किया जा सकता है।


यूडीजीएएम पोर्टल पर उपलब्ध बैंकों की सूची:

  1. एक्सिस बैंक लि.
  2. बैंक ऑफ बड़ौदा
  3. बैंक ऑफ इंडिया
  4. बैंक ऑफ महाराष्ट्र
  5. केनरा बैंक
  6. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
  7. सिटीबैंक एन.ए.
  8. डीबीएस बैंक इंडिया लि.
  9. धनलक्ष्मी बैंक लि.
  10. फेडरल बैंक
  11. एचडीएफसी बैंक
  12. एचएसबीसी लि.
  13. आईसीआईसीआई बैंक
  14. आईडीबीआई बैंक
  15. इंडियन बैंक
  16. इंडियन ओवरसीज बैंक
  17. इंडसइंड बैंक
  18. जम्मू एंड कश्मीर बैंक लि.
  19. कर्नाटक बैंक लि.
  20. पंजाब नेशनल बैंक
  21. कोटक महिंद्रा बैंक
  22. पंजाब एंड सिंध बैंक
  23. सारस्वत कोऑपरेटिव बैंक
  24. साउथ इंडियन बैंक लि.
  25. स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक
  26. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया
  27. तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक
  28. द करूर वैश्य बैंक लि.
  29. यूको बैंक
  30. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया

Related post