वेस्टर्न इंडिया क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजस्थान टीम का शानदार प्रदर्शन


मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित बाघेला गार्डन सभागार में आयोजित वेस्टर्न इंडिया क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 26 पदक अपने नाम किए। इनमें 16 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में राजस्थान की सीनियर महिला टीम ने टीम चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि सीनियर पुरुष टीम उपविजेता रही। सब जूनियर बालिका वर्ग में राजस्थान टीम उपविजेता और सब जूनियर बालक वर्ग में सेकंड रनर-अप रही।
व्यक्तिगत उपलब्धियों में उदयपुर की कीर्ति चौहान ने सब जूनियर बालिका वर्ग में सेकंड रनर-अप स्ट्रांग गर्ल का खिताब जीता। वहीं सीनियर महिला वर्ग में पायल चौहान फर्स्ट रनर-अप स्ट्रांग वूमन और सीनियर पुरुष वर्ग में अजय राज गुर्जर फर्स्ट रनर-अप स्ट्रांग मैन बने।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि सीनियर पुरुष वर्ग में 66 किग्रा में राहुल शर्मा, 83 किग्रा में पुनीत पेसवानी, 93 किग्रा में अजय राज गुर्जर ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि 74 किग्रा वर्ग में रामचंद्र जाट ने कांस्य पदक प्राप्त किया। सीनियर महिला वर्ग में 47 किग्रा में पायल चौहान, 52 किग्रा में अंशु वर्मा, 84 किग्रा में किरण रामचंदानी, 84 किग्रा से अधिक में रुकसाना बानो ने स्वर्ण पदक जीते, वहीं मनीषा प्रजापत ने कांस्य पदक हासिल किया।
जूनियर पुरुष वर्ग में 66 किग्रा में नितिन, 93 किग्रा में सोहम छंगाणी ने स्वर्ण, जबकि 120 किग्रा से अधिक वर्ग में जितेंद्र शर्मा ने रजत पदक जीता। जूनियर महिला वर्ग में 52 किग्रा में भूमिका सारस्वत और 69 किग्रा में कोमल बिश्नोई ने स्वर्ण पदक हासिल किए। 57 किग्रा में श्वेता कंवर भाटी, 63 किग्रा में ग्रेसी प्रजापत ने रजत तथा 84 किग्रा में चांदनी ने कांस्य पदक जीता।
सब जूनियर बालक वर्ग में 53 किग्रा में रंजीत मंडल, 93 किग्रा में सुनील सुखवाल ने स्वर्ण, 105 किग्रा में शशांक रंग ने रजत और इसी वर्ग में मयंक जंगम ने कांस्य पदक प्राप्त किया। सब जूनियर बालिका वर्ग में 52 किग्रा में उदयपुर की कीर्ति चौहान, 63 किग्रा में सिद्धि कुमारी पांडे और 69 किग्रा में उदयपुर की माही मीणा ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं 47 किग्रा में शिवानी सिंह रावत ने कांस्य और 57 किग्रा में ममता चांवरिया ने रजत पदक हासिल किया।
राजस्थान टीम के मैनेजर व कोच अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू रहे। महिला टीम के कोच आशीष जैमन और आशीष ओझा थे। टीम के शानदार प्रदर्शन पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली और सचिव डॉ. देवेंद्र साहू ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।








