उदयपुर में 14वीं राजस्थान राज्य सीनियर व मास्टर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 उदयपुर में 14वीं राजस्थान राज्य सीनियर व मास्टर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ एवं जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के तत्वावधान में 14वीं राजस्थान राज्य सीनियर एवं मास्टर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ आज राजस्थान महिला विद्यालय के केंद्रीय सभागार में हुआ।

प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व हनुमान जी की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों के 200 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने की।

कार्यक्रम में राजस्थान महिला विद्यालय के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह शक्तावत, सचिव नितिन हिंगड़, चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मनीष गलुण्डिया, जोधाना स्वीट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर बलवीर सिंह राजपुरोहित, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल तथा तीरंदाजी सचिव गिरधारी सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव विनोद साहू द्वारा मेवाड़ी पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर किया गया। धन्यवाद ज्ञापन राजस्थान पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने प्रस्तुत किया। समारोह का संचालन चंद्रेश सोनी ने किया।

उद्घाटन समारोह के पश्चात प्रतियोगिता प्रारंभ हुई, जिसमें विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

59 किलोग्राम भार वर्ग में अजमेर के नवनीत यादव ने 502.5 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जोधपुर के कृष्णा राम ने 487.5 किलोग्राम के साथ द्वितीय तथा गंगानगर के कृष्ण कुमार ने 485 किलोग्राम वजन उठाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

66 किलोग्राम भार वर्ग में अजमेर के नितिन ने 560 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। अलवर के राहुल शर्मा ने 535 किलोग्राम के साथ द्वितीय तथा उदयपुर के जयेश कमोया ने 530 किलोग्राम वजन उठाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

74 किलोग्राम भार वर्ग में जयपुर के राहुल कुमावत ने 575 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीकानेर के रामचंद्र जाट ने 570 किलोग्राम के साथ द्वितीय तथा जयपुर के अभिषेक कुमावत ने 567.5 किलोग्राम वजन उठाकर तृतीय स्थान हासिल किया।

मास्टर टू वर्ग में उदयपुर के सोहन नलवाया प्रथम, भीलवाड़ा के विनोद कुमार जोशी द्वितीय एवं मोहम्मद अल्ताफ तृतीय स्थान पर रहे।
74 किलोग्राम मास्टर वन वर्ग में जोधपुर के हितेंद्र सिंह ने प्रथम तथा भीलवाड़ा के दीपक पारीक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
74 किलोग्राम मास्टर फोर वर्ग में उदयपुर के हरीश चावला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह कल दोपहर 2:15 बजे आयोजित होगा, जिसके मुख्य अतिथि उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत होंगे।

Related post