25 वी राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने जीते पदक


भारतीय खेल एवं शिक्षा परिषद के तत्वाधान में राजस्थान खेल एवं शिक्षा परिषद तथा मेरा युवा भारत (स्वायत्तशासी संस्था), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उदयपुर में आयोजित 25वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में सीनियर और जूनियर राजस्थान बास्केटबॉल टीम ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में उदयपुर के खिलाड़ियों ने टीम का नेतृत्व किया और उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
सीनियर टीम के कोच भूपेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि सीनियर राजस्थान बास्केटबॉल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र टीम को 28–13 से पराजित कर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। वहीं भारतीय खेल प्राधिकरण से जुड़े कोच घनश्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि यह प्रतियोगिता 7 जनवरी 2026 से 9 जनवरी 2026 तक उदयपुर में आयोजित हुई थी।
इस ऐतिहासिक जीत में बी.एस.आर. स्पोर्ट्स एकेडमी, उदयपुर के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुरुष वर्ग में कप्तान निर्वान लालवानी सहित इज़हार खान, जय सिंह, मोहित चौधरी, मोहम्मद अबान, कृष्णा आसवानी, पृथ्वी अजारिया, चिन्मय सोनी, दिव्यम सोनी, आरव जैन, हर्षित मारू, कुलवर्धन सिंह, ऋषित चौधरी और दिलीप कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग में कप्तान वंशिका जैन के नेतृत्व में स्वास्तिक स्वर्णकार, ईष्टी अग्रवाल, राघवी साहु, ध्रुविका माहेश्वरी, रिया आसवानी, करिश्मा बंजारा, पूनम बंजारा, आन्या कश्यप, माही दीक्षित, मिष्ठी श्रीवास्तव और रायना चौधरी ने राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रभावशाली खेल दिखाया। सभी खिलाड़ी बी.एस.आर. स्पोर्ट्स एकेडमी उदयपुर के नियमित प्रशिक्षणार्थी हैं।
गौरतलब है कि राजस्थान बास्केटबॉल टीम पिछले दो वर्षों से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतती आ रही है। इस निरंतर सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, उनके अभिभावकों के सहयोग, विद्यालय प्रबंधन तथा समर्पित प्रशिक्षकों को जाता है।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षक घनश्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की अनुशासनबद्ध दिनचर्या, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में सफलता की कामना की।
इस उपलब्धि पर एथलेटिक्स कोच कलीम सर और ताइक्वांडो कोच मुकेश कुमार ने बच्चों को बधाई दी तथा राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आगे और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा दी।
राजस्थान टीम की इस जीत पर संघ के अध्यक्ष हरि ओम डाबी, सचिव आशुतोष कुमावत तथा भारतीय खेल एवं शिक्षा परिषद के महासचिव एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी।









