आबकारी विभाग का विशेष अभियान:प्रदेश में अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई जारी

 आबकारी विभाग का विशेष अभियान:प्रदेश में अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई जारी

आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है तथा विभिन्न स्थानों पर अभियोग दर्ज किए गए हैं।

आबकारी आयुक्त श्री नकाते के निर्देशन में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जारी इस विशेष अभियान के तहत जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए आबकारी निरोधक टीमें लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही हैं।

अभियान के तहत श्रीगंगानगर में आबकारी थाना क्षेत्र अनूपगढ़ में दबिश के दौरान 1650 लीटर वॉश सहित 3 भट्टियाँ नष्ट की गईं तथा 7 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई।

जोधपुर जिले के आबकारी थाना क्षेत्र ग्रामीण सरदारपुरा एवं फलोदी में कार्रवाई करते हुए 3 अभियोग दर्ज किए गए।
बांसवाड़ा जिले में आबकारी निरोधक दल द्वारा की गई दबिश में 3000 लीटर वॉश और 2 भट्टियाँ नष्ट की गईं तथा 184 बोतल हथकड़ शराब बरामद की गई। मौके पर 6 अभियोग दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हनुमानगढ़ जिले में आबकारी टीम ने 3 फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

वहीं भरतपुर जिले के आबकारी थाना क्षेत्र सीकरी में एक मोटरसाइकिल पर रबर के ट्यूब और प्लास्टिक के कट्टों में परिवहन की जा रही 120 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद कर अभियोग दर्ज किया गया।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के अंतर्गत नाकाबंदी, दबिश एवं सघन गश्त की कार्यवाही निरंतर जारी है।


Related post