घुटने के दर्द और सर्द मौसम को मात देकर गौरव साहू ने किया शानदार प्रदर्शन


रोमानिया के क्लुज नापोका शहर स्थित होटल ग्रांड इटालिया में चल रही वर्ल्ड सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के पहले ही दिन भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उदयपुर के युवा एवं उभरते अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 570 किलो वजन उठाकर विश्व में छठा स्थान प्राप्त किया।
यह जानकारी देते हुए राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि गौरव साहू वर्ल्ड सीनियर चैंपियनशिप में भाग लेने वाले राजस्थान के पहले खिलाड़ी बने हैं। गत वर्ष तक गौरव जूनियर खिलाड़ी थे और इसी वर्ष सीनियर श्रेणी में शामिल हुए। सीनियर वर्ग में पदार्पण करते ही उन्हें वर्ल्ड सीनियर चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिला। अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय सीनियर मुकाबले में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्व के अनुभवी खिलाड़ियों से कड़ी टक्कर ली।
गौरव ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में स्क्वैट में 220 किलो, बेंच प्रेस में 115 किलो और डेडलिफ्ट में 235 किलो सहित कुल 570 किलो वजन उठाया। इस शानदार प्रदर्शन से उन्होंने न केवल छठा स्थान प्राप्त किया बल्कि भारत को टीम चैंपियनशिप के लिए पांच अंक भी दिलाए।
रोमानिया की कठोर जलवायु, मात्र पांच डिग्री सेल्सियस तापमान, सर्द हवाओं और घुटने में दर्द जैसी परिस्थितियों के बावजूद गौरव ने शानदार प्रदर्शन किया। डेडलिफ्ट में उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 245 किलो वजन उठाने की कोशिश की, जिसमें वे असफल रहे। यदि वह 245 किलो वजन उठा लेते तो उन्हें वर्ल्ड चैंपियनशिप में डेडलिफ्ट में कांस्य पदक प्राप्त हो जाता। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 235 किलो वजन सफलतापूर्वक उठाया, जिसे ‘गुड लिफ्ट’ घोषित किया गया। मात्र 10 किलो के अंतर से वे कांस्य पदक जीतने से चूक गए, जिसका उन्हें खेद रहा।
फिर भी, गौरव ने इसे अपने लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव बताया, क्योंकि उन्हें विश्व सीनियर रिकॉर्ड धारक अनुभवी खिलाड़ियों के बीच खेलने का अवसर मिला। उनके वर्ग में ताइवान के 31 वर्षीय यी चुन लीन ने स्वर्ण पदक, इक्वाडोर के 42 वर्षीय फ्रैंकलिन लियोन ने रजत पदक और फिलीपींस के 32 वर्षीय रेगी रामिरेज़ ने कांस्य पदक जीता। गौरव की आयु अभी मात्र 24 वर्ष है।
गौरव ने विश्वास जताया कि अगले वर्ष दुबई में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में वे और बेहतर प्रदर्शन कर शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त करने का प्रयास करेंगे।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में गौरव के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, आयोजन सचिव विनोद साहू, जिला ओलंपिक संघ के सचिव जालमचंद जैन, पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, राजस्थान स्टेट स्ट्रेंथलिफ्टिंग संघ के सचिन चंद्रेश सोनी सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने गौरव को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरव के उदयपुर आगमन पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ एवं उदयपुर जिला ओलंपिक संघ की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।









