शहर के वरिष्ठ साहित्यकार कुंदन माली को गुजरात हिंदी साहित्य अकादमी के दो पुरस्कार


शहर के वरिष्ठ कवि, आलोचक एवं अनुवादक प्रोफेसर कुंदन माली को गुजरात हिंदी साहित्य अकादमी ने दो पुरस्कारों से सम्मानित किया है। अकादमी के रजिस्ट्रार डॉ. जयंत सिंह जादव ने विभिन्न पुरस्कारों की घोषणा करते हुए बताया कि बाल साहित्य और अनुवाद के क्षेत्र में प्रोफेसर माली की दो पुस्तकों का चयन किया गया है।
गुजरात हिंदी साहित्य अकादमी की ओर से वर्ष 2022 के लिए अनुवाद के क्षेत्र में प्रोफेसर माली की पुस्तक ‘घर और आकाश’ को पुरस्कार हेतु चुना गया है। इसी वर्ष बाल साहित्य श्रेणी में उनकी पुस्तक ‘कविता की गुल्लक’ को भी सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर कुंदन माली उदयपुर की टेकरी क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय में अंग्रेजी के प्रोफेसर के रूप में 27 वर्षों तक सेवाएं प्रदान की हैं। हिंदी और राजस्थानी दोनों भाषाओं में समान दक्षता से लेखन करने वाले प्रोफेसर माली को पूर्व में केंद्रीय अकादमी, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर तथा राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर से भी कई पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
राजस्थानी व हिंदी साहित्य में आलोचना और अनुवाद के क्षेत्र में उनका नाम देशभर में सम्मान के साथ लिया जाता है। वर्ष 2017-18 में वे राजस्थान साहित्य अकादमी की मासिक पत्रिका ‘मधुमति’ के संपादक भी रहे हैं। हिंदी, राजस्थानी और अंग्रेजी भाषाओं में वे अब तक 30 पुस्तकों की रचना कर चुके हैं।
पुरस्कारों की घोषणा होते ही प्रोफेसर माली के प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है, और देशभर से उन्हें बधाइयाँ प्राप्त हो रही हैं।









