ओलम्पिक खेल का आगाज कल से, होंगी खेल स्पर्धाएं

 ओलम्पिक खेल का आगाज कल से, होंगी खेल स्पर्धाएं

उदयपुर. मुख्यमंत्री बजट घोषणा की क्रियान्विति के क्रम में राजीव गांधी ओलम्पिक खेलों का भव्य आगाज शनिवार से होगा। पहली बार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में एक साथ खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी, इसमें हर आयु वर्ग के लाखों खिलाड़ी मैदान में दमखम दिखाएंगे।

प्रतियोगिता के शुभारंभ का जिला स्तरीय कार्यक्रम सुबह 9 बजे गांधी ग्राउण्ड में आयोजित होगा। जिला खेल अधिकारी सुनीता भण्डारी ने बताया कि उद्घाटन समारोह सहित जिले भर में खेल स्पर्धाओं के आयोजन की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उद्घाटन संभागीय आयुक्त, जनजाति विकास विभाग आयुक्त, जिला कलक्टर, सीईओ जिला परिषद, नगर निगम आयुक्त सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों तथा सांसद-विधायकगण, अन्य सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित होगा।

उद्घाटन सत्र के दौरान गांधी ग्राउण्ड में कबड्डी, वॉलीबाल व बॉस्केटबाल मैच होंगे। खेल अधिकारी ने बताया कि राजीव गांधी ओलम्पिक खेल में एक साथ लाखों खिलाड़ी खेलेंगे। यह अपने आप में नया विश्व रिकार्ड बनने जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन शपथ की व्यवस्था की है।

इसमें सभी खिलाड़ियों को खेल शुरू होने से पहले राज ओलम्पिक पार्टल पर आधार नंबर अथवा जनआधार नंबर से लॉग-इन करके शपथ पत्र भरना होगा। जिन खिलाड़ियों के पास मोबाइल नहीं होगा, वे आयोजन स्थल पर लगे काउंटर पर तैनात कार्मिकों की मदद से ऑनलाइन शपथ पत्र भरेंगे।

Related post