खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 : जूडो प्रतियोगिता संपन्न, बीच वॉलीबॉल का रोमांच शनिवार से


उदयपुर में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के अंतर्गत आयोजित जूडो प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। अंतिम दिन पुरुष के निर्णायक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया और पदकों के लिए जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
शुक्रवार को पुरूष वर्ग में 100 किग्रा से अधिक भार वर्ग श्रेणी के मुकाबले हुए। जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल ने बताया कि पुरुष वर्ग (100 किग्रा से अधिक) श्रेणी में एलपीयू के ऋतिक कुमार ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। सीयू के यश रजत पदक विजेता रहे। जीएनडीयू के रोहित और डीयू के यश तंवर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह में अतिथियों ने सभी विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए। अतिथियों ने कहा कि खेलो इंडिया जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से युवाओं को मंच और प्रेरणा दोनों मिलती है। उदयपुर ने खेलों के उत्कृष्ट आयोजन और अनुशासनात्मक व्यवस्था से एक बार फिर अपनी क्षमता सिद्ध की है।
इधर, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांच शनिवार से शुरू होगा। महाकालेश्वर मंदिर परिसर में तैयार किए गए आयोजन स्थल पर शुक्रवार को खिलाड़ियों का पंजीकरण सहित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं। आयोजकों के अनुसार दर्शकों को यहां खेलों के साथ खूबसूरत झील और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता के तहत मुकाबले शनिवार से प्रारंभ होंगे। इसी प्रकार कायाकिंग व कैनोईंग स्पर्धा 2 दिसम्बर से शुरू होगी।









