हरित कल के लिए आज का खनन थीम के साथ मनाया गया भारतीय खनन दिवस

 हरित कल के लिए आज का खनन थीम के साथ मनाया गया भारतीय खनन दिवस

माइनिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, चेप्टर राजस्थान (उदयपुर) के तत्वावधान में शनिवार को भारतीय खनन दिवस इस वर्ष की थीम “हरित कल के लिए आज का खनन” (Mining Today for a Greener Tomorrow) के साथ जे.के. लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड, श्रीपति नगर, डबोक, उदयपुर की माइंस पर मनाया गया।

इस अवसर पर खनन उद्योग से संबंधित वर्तमान परिदृश्य, तकनीकी उन्नति तथा पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने माइंस में फ्लोटिंग सोलर प्लांट और सीमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम में लगभग 160 खनन अभियंताओं एवं भूवैज्ञानिकों ने भाग लिया। विजिट के दौरान जे.के. लक्ष्मी सीमेंट लिमिटेड, उदयपुर की दरोली लाइम स्टोन माइंस की आधुनिक तकनीकियों एवं पर्यावरण संरक्षण के विविध कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता डी. पी. गौड़ ने की। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार कोठारी ने सभी अभियंताओं को शपथ दिलाई। माइंस के उपाध्यक्ष के. पी. सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए तकनीकी प्रस्तुतिकरण दिया। अध्यक्ष डी. पी. गौड़ ने कहा कि खनन राष्ट्र निर्माण का आधार है।

माइनिंग इंजीनियर (विजिलेंस) उदयपुर आरिफ मोहम्मद शेख ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि पूर्व में खनन का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ था, जिसके कारण असुरक्षित एवं अवैज्ञानिक खनन, पर्यावरणीय क्षति तथा स्वास्थ्य समस्याएँ (जैसे सिलिकोसिस, ब्लैक लंग आदि) उत्पन्न हुईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब समय है कि खनन को वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-संवेदनशील दृष्टिकोण से किया जाए। तकनीकी नवाचार, नीतिगत सुधार, वृक्षारोपण एवं अपशिष्ट प्रबंधन के माध्यम से खनन उद्योग अब सतत विकास की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि नवीन युग में लिथियम, कोबाल्ट, निकेल, कॉपर एवं रेयर अर्थ एलिमेंट्स जैसे महत्वपूर्ण खनिज हरित ऊर्जा अर्थव्यवस्था के प्रमुख आधार बन रहे हैं। भारत और राजस्थान में सतत खनन हेतु लागू की गई मजबूत नीतियों की भी जानकारी दी गई।

निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा
चेप्टर सचिव आसिफ एम. अंसारी ने बताया कि 26 अक्टूबर को एमईएआई, उदयपुर कार्यालय में मुख्यालय की थीम “हरित कल के लिए आज का खनन” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहीं सुश्री श्रेया नोशलिया (सीटीएई कॉलेज) एवं सुश्री मुस्कान सोलंकी (सीटीएई कॉलेज) को ₹3100 एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर सुश्री पूजा सुथार (पैसिफिक पॉलिटेक्निक कॉलेज) एवं सुश्री विश्रुति पालीवाल (भू-विज्ञान विभाग, एमएलएसयू) को ₹2100 एवं प्रमाणपत्र दिया गया। तृतीय स्थान पर सौरभ कुमावत (सीटीएई कॉलेज) एवं सुश्री लिपिका कलाल को ₹1100 एवं प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार रवि शंकर वैरागी (सिंगानिया यूनिवर्सिटी) एवं सुश्री सौम्यांशी नागदा (सीटीएई कॉलेज) को ₹500 के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर सीटीएई कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र संयम गुप्ता को बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड के लिए ₹21000 एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं यश मालवीय (तृतीय वर्ष, सीटीएई कॉलेज) को एमईएआई स्कॉलरशिप के रूप में ₹15000 एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव एमईएआई डॉ. हितांशु कौशल ने किया।


Related post