उदयपुर में पहली बार अत्याधुनिक क्रायोबायोप्सी प्रक्रिया सफल, मरीज को मिली नई जिंदगी

 उदयपुर में पहली बार अत्याधुनिक क्रायोबायोप्सी प्रक्रिया सफल, मरीज को मिली नई जिंदगी

उदयपुर, 28 अक्टूबर। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भीलों का बेदला के चेस्ट एवं टीबी रोग विभाग की टीम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए उदयपुर संभाग में पहली बार प्ल्यूरल क्रायोबायोप्सी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. अतुल लुहाडिया के नेतृत्व में की गई इस प्रक्रिया में डॉ. निश्चय, डॉ. अरविंद, डॉ. गोविंद, डॉ. अंशुल, तकनीशियन लोकेन्द्र और दीपक, तथा नर्सिंग स्टाफ राम प्रसाद और बालू का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सलूम्बर निवासी 60 वर्षीय महिला मरीज पिछले एक माह से खांसी और सीने में दर्द से पीड़ित थी। जांच में उसके सीने में पानी (प्ल्यूरल इफ्यूजन) पाया गया, लेकिन इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उसे थोरेकोस्कोपी प्रक्रिया से गुजारा गया, जिसके तहत प्ल्यूरल क्रायोबायोप्सी की गई।

डॉ. लुहाडिया ने बताया कि प्ल्यूरल क्रायोबायोप्सी एक अत्याधुनिक और सटीक तकनीक है, जो पारंपरिक बायोप्सी की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी होती है। इसमें ठंडी जांच यंत्र (क्रायो प्रोब) की मदद से फेफड़ों या सीने की झिल्ली से ऊतक का नमूना लिया जाता है। यह तकनीक बड़ा और सटीक सैंपल उपलब्ध कराती है, जिससे रोग की पहचान करना आसान हो जाता है। यह प्रक्रिया कैंसर, टीबी तथा अन्य फेफड़ों की बीमारियों के निदान में अत्यंत उपयोगी है।

उन्होंने बताया कि सामान्यतः इस प्रक्रिया की लागत ₹30,000 से ₹40,000 तक होती है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इस मरीज को यह जांच निःशुल्क प्रदान की। यह कदम न केवल मरीज के लिए राहतभरा रहा, बल्कि समाज सेवा के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

डॉ. लुहाडिया ने कहा कि क्रायोबायोप्सी तकनीक से अब उन मरीजों में भी सटीक निदान संभव हो पाएगा, जिनमें पारंपरिक बायोप्सी से कारण स्पष्ट नहीं हो पाता। यह तकनीक अब उदयपुर में नियमित रूप से उपलब्ध होगी, जिससे अधिक मरीजों को लाभ मिलेगा।

पीएमसीएच के चेयरमेन राहुल अग्रवाल ने डॉ. लुहाडिया और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल उदयपुर संभाग के फेफड़ों के मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है, बल्कि यह एक ऐसी चिकित्सा तकनीक की शुरुआत है जो भविष्य में उपचार को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

Related post