नवंबर में पहली बार छलकेगा फतहसागर

 नवंबर में पहली बार छलकेगा फतहसागर
  • बुधवार सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे गेट
  • झील का जलस्तर 13 फ़ीट 4 इंच हुआ, दशकों बाद ऐसा अवसर
  • इतिहास में पहली बार नवम्बर में चलेगी चादर, 48 दिन में दूसरा मौका

उदयपुर, 23 नवम्बर। उदयपुर शहर की धडकन कही जाने वाली फतहसागर झील को शहरवासी एक बार फिर छलकता हुआ देखेंगे।

बुधवार सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर इसके गेट खोले जाएंगे। इतिहास में पहली बार नवम्बर माह में इस झील पर चादर चलने जा रही है। 7 अक्टूबर को इसके गेट खोले गए थे और अब यह इस साल में दूसरा मौका है। उदयपुर में मावठ की बारिश ने झीलों में फिर से जान डाल दी है। मानसून के बाद एक बार फिर झीलें छलक गई है।

पीछोला झील रविवार को छलकने के साथ ही स्वरूपसागर पर तीन दिनों से चादर चल रही है वहीं अब वह मौका भी आ गया जिसका शहरवासी हमेशा मानसून में बेसब्री से इंतजार करते है। शहर की फ़तहसागर झील के लबालब होने के बाद लगातार आवक के चलते मंगलवार शाम को इसका जलस्तर 13 फ़ीट 4 इंच हो गया। आवक भी जारी है।

ऐसे में सिंचाई विभाग की ओर से इसके बुधवार सुबह गेट खोले जाएंगे। कई दशकों बाद केवल 48 दिन के अंतराल में फ़तहसागर झील दूसरी बार छलक रही है। सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता कैलाश जैन ने बताया कि झील का जलस्तर बुधवार सुबह तक 13 फ़ीट 5 इंच से अधिक हो जाएगा। इसमें 13 फ़ीट 4 इंच तक पानी को शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए सहेज कर रखा जाएगा और इसके ऊपर जो आवक हुई और हो रही है उसके चलते इसके गेट खोले जाएंगे।

बुधवार सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर जिला कलक्टर की उपस्थिति में इसके गेट खोले जाएंगे। हालांकि चारों गेट खोले जाने जितना पानी नहीं होने से संभवत: इसके एक या दो गेट ही खोलकर इस पर चादर चलाई जाएगी।

report by Latif Lakecity

Related post