डॉ.अनुष्का विधि महाविद्यालय द्वारा विधिक सहायता शिविर का आयोजन

 डॉ.अनुष्का विधि महाविद्यालय द्वारा विधिक सहायता शिविर का आयोजन

डॉ. अनुष्का विधि महाविद्यालय के निदेशक डॉ. एस.एस. सुराणा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उदयपुर के तत्वावधान में 13 जनवरी 2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेबारियों का गुड़ा, ढीकली में विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एलएल.बी. एवं बी.ए.एलएल.बी. के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम के आरंभ में महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. श्यामसिंह एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री मनोहर खजांची ने विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनिता मीणा को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।

तत्पश्चात सहायक आचार्य डॉ. श्यामसिंह ने विद्यालय के विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकार से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान विधि विद्यार्थी भावेश भाविंगोत ने उपभोक्ता संरक्षण अधिकारों पर प्रकाश डाला, जबकि छात्रा वर्षा डांगी ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाई। छात्र जयेश नागदा ने मोटर वाहन अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी और छात्र महेंद्र पटेल ने एफ.आई.आर. दर्ज करने की प्रक्रिया तथा गिरफ्तार व्यक्ति के अधिकारों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।

Related post