मुख्यमंत्री ने उदयपुर में किया राजस्थान के पहले बर्ड पार्क का लोकार्पण

 मुख्यमंत्री ने उदयपुर में किया राजस्थान के पहले बर्ड पार्क का लोकार्पण

पैंथर रेस्क्यू सेंटर स्थापित किया जायेगा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को उदयपुर के गुलाबबाग में प्रदेश के पहले बर्ड पार्क का लोकार्पण किया ।  

मुख्यमंत्री ने बर्ड पार्क प्रवेश द्वार के समीप फिता काटकर एवं लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण करते हुए विधिवत बर्ड पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में घूमकर यहां पर रखे गए बीसियों प्रजातियों के रंग बिरंगे परिंदों को निहारा और खुशी जताई।

वन बल प्रमुख डॉ. डी.एन.पाण्डेय और अन्य वन विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यहां पर रखें गए पक्षियों और उनकी विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। बर्ड पार्क के लोकार्पण दौरान मुख्यमंत्री व वन मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पार्क परिसर में पंचवटी उद्यान विकसित करने हेतु पांच प्रजातियों के पौधे रोपें।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शहर के हृदय स्थल पर गुलाबबाग में करीब साढ़े ग्यारह करोड़ रुपये की लागत वाले इस आकर्षक बर्ड पार्क का निर्माण पर्यटन विभाग, वन विभाग, नगर निगम व यूआईटी के द्वारा संयुक्त रूप से करवाया गया है। निर्माण कार्य आरएसआरडीसी लिमिटेड द्वारा किया गया है। करीब 5.11 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले हुए गुलाबबाग के 3.85 हेक्टेयर में बर्ड पार्क का निर्माण किया गया है। इस पार्क के लिए पर्यटन विभाग ने 8 करोड़, नगर निगम ने 1.75 करोड़, यूआईटी ने 1.74 करोड़ रुपये दिए हैं।


पेंथर रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की घोषणा:
बर्ड पार्क के लोकार्पण उपरांत मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले में पैंथर्स की संख्या को देखते हुए पैंथर संरक्षण के लिए पैंथर रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले के 31 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र है और ग्रीष्म ऋतु में वन क्षेत्रों में आए दिन आग लगने की घटनाओं पर वनकर्मियों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाते हुए प्रशिक्षण दिया जाएगा।  

Related post