सेंट्रल पब्लिक सी. सै. स्कूल में क्रिसमस उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया

 सेंट्रल पब्लिक सी. सै. स्कूल में क्रिसमस उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया

न्यू भूपालपुरा स्थित सेंट्रल पब्लिक सी. सै. स्कूल में क्रिसमस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत क्रिसमस थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। क्रिसमस कैरोल गायन और नन्हे बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

बच्चों में सभी धर्मों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ईसा मसीह के जन्मदिवस के मानवता के संदेश को समझाने के उद्देश्य से एक नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेवरेन्ड सन्नी एस. कुमार ने ईसा मसीह के जीवन और उनके उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर को लाल और सफेद रंग की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। परियों और सांता क्लॉज की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उत्सव को और भी यादगार बना दिया।

विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती अलका शर्मा ने अपने संदेश में क्रिसमस पर्व पर आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने और प्रेम व सद्भाव के साथ जीवन जीने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रशासकीय निदेशक श्री अनिल शर्मा, निदेशक डॉ. दीपक शर्मा, संयुक्त निदेशक श्री विक्रम जीत सिंह शेखावत, प्राचार्या श्रीमती पूनम राठौड, प्रशासक श्री सुनील बाबेल एवं प्रधानाध्यापिका श्रीमती कृष्णा शक्तावत ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह द्वारा दिए गए ज्ञान को जीवन में अपनाकर ही समाज में प्रेम और सौहार्द कायम रखा जा सकता है।

Related post