सु वि वि के तत्वावधान में सुखेर में हुआ विधिक सेवा शिविर

 सु वि वि के तत्वावधान में सुखेर में हुआ विधिक सेवा शिविर

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखेर में विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून संबंधी जानकारी प्रदान कर उन्हें जागरूक बनाना था। शिविर में विभिन्न विधि विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में डॉ. भाविक पानेरी ने साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता का संदेश दिया। उन्होंने ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने और किसी भी अज्ञात कॉल या लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी। डॉ. कल्पेश निकावत ने सामान्य विधिक जानकारी देते हुए कानून के महत्व और उसके सामाजिक प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।
डॉ. ओ.पी. बारबर ने किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी और बताया कि यह अधिनियम बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
डॉ. सतीश मीणा ने निःशुल्क विधिक सेवा और उसके पात्र व्यक्तियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद, महिलाएं, बच्चे एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. स्नेहा सिंह ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 की जानकारी विद्यार्थियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी, जिससे उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी।
कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति में एलएल.बी. छात्र तारा राम, तरुण सेन, नरेश कुमार भील, विवेक बलात, पूनम वैष्णव एवं टीना गोस्वामी ने भाग लेकर समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
विद्यालय प्रशासन ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के नैतिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। धन्यवाद रतन मकवाना द्वारा दिया गया।

Related post