मेवाड़ के सुरेंद्र सिंह देवड़ा ने ऑल इंडिया पिस्टल शूटिंग में जीता व्यक्तिगत सिल्वर मेडल

 मेवाड़ के सुरेंद्र सिंह देवड़ा ने ऑल इंडिया पिस्टल शूटिंग में जीता व्यक्तिगत सिल्वर मेडल

सुरेंद्र सिंह जन्म से ही बोलने और सुनने में अक्षम हैं।

ऑल इंडिया जी. वी. मावलंकर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप, जो मिलिट्री एंड राइफल क्लब, खानपुर (अहमदाबाद, गुजरात) में संपन्न हुई, उसमें उदयपुर के राष्ट्रीय पिस्टल शूटर सुरेंद्र सिंह देवड़ा ने 10 मीटर पिस्टल की डेफ कैटेगरी में व्यक्तिगत सिल्वर मेडल जीतकर मेवाड़ का गौरव बढ़ाया है।

राजस्थान टीम मैनेजर एवं सुरेंद्र के कोच डॉ. जितेंद्र सिंह मायदा ने बताया कि सुरेंद्र तीन वर्ष पूर्व शूटिंग सीखने के लिए उनके पास आए थे। इन वर्षों में सुरेंद्र ने अपनी सच्ची लगन, अनुशासन और मेहनत के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मेवाड़ राइफल शूटिंग क्लब के सभी शूटर सुरेंद्र के जज्बे और आत्मविश्वास से अत्यंत प्रभावित हैं।

कोच डॉ. मायदा ने बताया कि खानपुर में आयोजित चैम्पियनशिप से पूर्व सुरेंद्र रास्ता भटककर लगभग 50 किलोमीटर दूर अन्य स्थान पर चले गए थे। बाद में कोच ने स्वयं उन्हें कार में बैठाया और समय पर रेंज पर पहुँचाकर साईटर के समय में उन्हें तैयार किया, जिसके बाद उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर पदक जीता।

इससे पूर्व भी सुरेंद्र ने ओपन इंडिया गोवा में स्वर्ण पदक तथा नॉर्थ जोन दिल्ली में रजत पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अब वे दिसंबर में दिल्ली में आयोजित होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

सुरेंद्र के पिता निर्भय सिंह देवड़ा इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर हैं, माता पारस कंवर गृहिणी हैं, और छोटे भाई भूपेंद्र सिंह देवड़ा प्रॉपर्टी और फाइनेंस क्षेत्र से जुड़े हैं। सुरेंद्र ने अपनी स्कूली शिक्षा मूकबधिर विद्यालय, अंबामाता से की है और वर्तमान में मेवाड़ राइफल शूटिंग क्लब, गुंजोल, नाथद्वारा में नियमित अभ्यास करते हैं।

सुरेंद्र सिंह देवड़ा की इस उत्कृष्ट उपलब्धि और खेल में निरंतर प्रगति के लिए मेवाड़ राइफल शूटिंग क्लब परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।


Related post