उदयपुर में ‘ग्रीन हार्टफुलनेस’ रन का आयोजन 16 नवम्बर को


हार्टफुलनेस संस्था की ओर से रविवार, 16 नवंबर को प्रातः 7:30 बजे चित्रकूट नगर ए ब्लॉक में ‘ग्रीन हार्टफुलनेस’ रन का आयोजन किया जा रहा है। हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र के केन्द्र समन्वयक डॉ. राकेश दशोरा ने बताया कि यह रन पर्यावरण संरक्षण, हेल्दी लाइफस्टाइल और आध्यात्मिकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। रन के दौरान पौधारोपण तथा जागरूकता से जुड़े संदेश भी साझा किए जाएंगे। इस इवेंट में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी, फिटनेस एक्सपर्ट्स और युवा भाग लेंगे।
उदयपुर ग्रीन हार्टफुलनेस रन के युवा समन्वयक दीपक मेनारिया ने बताया कि प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। रन के लिए पंजीकरण greenheartfulnessrun.com वेबसाइट पर जारी है। उल्लेखनीय है कि यह दौड़ भारत के 119 स्थानों तथा राजस्थान के 51 स्थानों पर आयोजित की जा रही है।
दो किलोमीटर की यह ग्रीन हार्टफुलनेस दौड़ 16 नवम्बर को चित्रकूट नगर स्थित निर्माणाधीन बहुमंजिला हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र से प्रातः 7:30 बजे शुरू होकर चित्रकूट नगर–भुवना क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। प्रवक्ता डॉ. सुबोध शर्मा ने बताया कि फॉरेस्ट बॉय हार्टफुलनेस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, अधिक पौधारोपण, प्रदूषण स्तर में कमी तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस मैराथन का आयोजन किया जाता है।
हार्टफुलनेस ध्यान केन्द्र की उदयपुर जोन समन्वयक श्रीमती मधु मेहता ने बताया कि भारत के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इस पहल के पिछले तीन संस्करणों में हजारों प्रतिभागियों को जोड़ते हुए 22,000 से अधिक पेड़ लगाने एवं उनके संरक्षण का महत्त्वपूर्ण कार्य किया गया है। भारत सरकार एवं विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के सहयोग से यह आयोजन एक सशक्त जनआंदोलन के रूप में विकसित हुआ है।
ग्रीन हार्टफुलनेस रन को मुख्य अतिथि एवं हार्टफुलनेस के वरिष्ठ अभ्यासी डॉ. पुनीत शर्मा, संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, उदयपुर द्वारा फ्लैग ऑफ किया जाएगा। उदयपुर में आयोजित इस सामूहिक दौड़ के समापन पर पौधारोपण भी किया जाएगा।









