अंतर्राष्ट्रीय कला पर्व में मीरा कन्या महाविद्यालय की रचनात्मक चमक


डॉ. दीपक सालवी के निर्देशन में छात्राओं ने रचा सृजन और सौंदर्य का संगम
टोंक। राजस्थान ललित कला अकादमी, जयपुर एवं अंतरंग कला एजुकेशन सोसाइटी, टोंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कला पर्व देश-विदेश के कलाकारों के लिए रचनात्मक आदान-प्रदान का सशक्त मंच बना। भारत सहित अनेक देशों के लगभग 400 कलाकारों ने इसमें भाग लेकर कला के माध्यम से वैश्विक सांस्कृतिक संवाद का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।


इस अवसर पर राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर के चित्रकला विभाग की 15 छात्राओं ने विभाग के सहायक आचार्य डॉ. दीपक सालवी के मार्गदर्शन में सक्रिय भागीदारी की। उनकी कलाकृतियों में भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक कला दृष्टि का मनमोहक समन्वय दिखाई दिया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
समापन समारोह में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की चेतना पलात को उनकी कृति “मिस्ट्री ऑफ लाइफ” के लिए सांत्वना पुरस्कार मिला, जबकि कौमुदी लवानिया और रिया तनवानी को यूथ आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
डॉ. सालवी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को वैश्विक कला दृष्टि समझने, रचनात्मकता को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
यह कला पर्व नारी संवेदना, पर्यावरण चेतना और मानवीय भावनाओं का जीवंत चित्रण रहा — जहाँ मीरा कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से उदयपुर का नाम और अधिक गौरवान्वित किया।









