संयुक्त शासन सचिव ने पंचायतीराज योजनाओं की समीक्षा बैठक ली

 संयुक्त शासन सचिव ने पंचायतीराज योजनाओं की समीक्षा बैठक ली

पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव प्रथम, श्री बृजेश कुमार चंदोलिया ने बुधवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीईओ रिया डाबी सहित सभी बीडीओ, जिला परिषद प्रकोष्ठ प्रभारी एवं पंचायत समिति स्टाफ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना, जनसुनवाई एवं अन्य विभागीय विषयों पर बिंदुवार चर्चा की गई। संयुक्त शासन सचिव ने निर्देश दिए कि पंचायतों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जाए तथा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कचरा संग्रहण केंद्रों पर कचरे का उचित सेग्रीगेशन करने के भी निर्देश दिए।

स्वामित्व योजना के तहत सभी ब्लॉकों से शेष मैप शीघ्र जमा करवाने और प्राप्त मैप के अनुसार प्रॉपर्टी पार्सल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संतृप्त गांवों के मैप तैयार कर समय पर भिजवाने तथा तकनीकी समस्याओं के कारण लंबित प्रॉपर्टी पार्सल वितरण के प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने जिला परिषद के अधिकारीगण एवं पंचायत समिति स्टाफ को नियमित जनसुनवाई आयोजित करने, ग्राम पंचायतों में निरीक्षण और दौरे करने, रात्रि चौपाल आयोजित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिला परिषद स्तर पर सभी ब्लॉकों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत “स्वच्छ ढाणी ऐप” के माध्यम से मॉनिटरिंग के नवाचार की सराहना करते हुए उन्होंने इसके प्रचार-प्रसार द्वारा आमजन को अधिकाधिक जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में एसीईओ वीरमा राम सहित सभी विकास अधिकारी और जिला परिषद के प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित रहे।

Related post