प्रदेशभर में चिकित्सा शिविरों से मिला स्वास्थ्य लाभ


उदयपुर जिले के 14 ब्लॉकों में 8 हजार से अधिक लोगों की हुई जांच
भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के तहत बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर विशाल चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में लाखों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मरीजों की जांच के साथ-साथ उन्हें निःशुल्क परामर्श एवं आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।


उदयपुर जिले में भी इस अभियान के तहत कुल 14 ब्लॉकों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि जिले में आयोजित शिविरों में लगभग 8,225 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविरों में सामान्य बीमारियों के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी विशेष स्वास्थ्य परामर्श सत्र रखे गए।


विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन, नेत्र एवं दंत जांच सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए। इसके अलावा जनजाति बहुल क्षेत्रों में लोगों को सिकल सेल एनीमिया, टीबी मुक्त राजस्थान जैसी स्वास्थ्य पहलों के तहत चल रही गतिविधियों, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी भी दी गई।


इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उनके डोरस्टेप तक पहुंचाना रहा।









