फ्रेम में सजी पहचान: दिनेश कोठारी की तिहरी फोटोग्राफी सफलता


उदयपुर, 25 अक्टूबर। सेवा निवृत्त आरएएस अधिकारी और शहर के वरिष्ठ कलाप्रेमी-फोटोग्राफर दिनेश कोठारी को फोटोग्राफी के क्षेत्र में एक साथ तीन उपलब्धियां हासिल हुई हैं। प्रतिष्ठित जेआरएनवाय वर्ल्ड फोटोग्राफी अवार्ड 2025, लंदन में उनके एक फोटोग्राफ का चयन हुआ है। यह फोटो हाइवे किनारे मिनरल वाटर की बोतलें बेचती एक नन्ही आदिवासी बालिका का है। उन्हें यह अवार्ड लेने के लिए लंदन में आयोजित होने वाले समारोह में आमंत्रित किया गया है।


साथ ही, स्टर्लिंग फोटो फेस्टिवल, स्कॉटलैंड की ओर से “बियोंड 2025” ईयर बुक में भी उनका एक फोटो शामिल किया गया है। आदिवासी क्षेत्र की बलखाती सड़क पर चलती एक आदिवासी महिला का यह फोटो काफी आकर्षक है।


दिवाली के अवसर पर मणिकर्णिका गैलरी द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय फोटो प्रतियोगिता में कोठारी के फोटो “मां-बेटी” को गोल्ड अवॉर्ड प्राप्त हुआ है। कोठारी ने बताया कि कच्चे छप्पर के बाहर बैठकर अपनी बेटी के बालों में कंघी करती महिला का यह फोटो आदिवासी अंचल की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करता है।











